घरों में ही अदा की जुमे की नमाज, प्रशासन ने लिया जायजा 

पुरवा-उन्नाव। शुक्रवार को कोरोना वायरस को लेकर प्रशासनिक अमले की सर्तकता के चलते कोतवाली क्षेत्र में नगर समेत ग्रामीण अंचलों में स्थित 26 मस्जिदों में जुमे की नमाज अदा नहीं हुई। विशेष समुदाय के लोगों ने घरों में नमाज अदा की। आपको अवगत करा दें कि शुक्रवार को जुमे की नमाज लोगों ने अपने घरों में ही अदा की। कोरोना वायरस के चलते शासन ने पहले ही भीड़ एकत्र न होने के निर्देश प्रशासन को दे रखे हैं। इसी कड़ी में एक दिन पहले ही एसडीएम राजेश प्रसाद चौरसिया ने सभी धर्म गुरुओं से वार्ता की थी। सभी मौलानाओं ने प्रशासन को सहयोग करने का आश्वासन दिया था। एहतियातन सभी मस्जिदों पर पुलिस बल सुबह से ही मुस्तैद था। मगर कोई मस्जिद में नमाज अदा करने नहीं आया। वहीं दूसरी ओर नवरात्रि के तीसरे दिन भी लोगों ने घरों में ही पूजा अर्चना की। मंदिरों के कपाट भी नहीं खुले। प्रशासन के निर्देश का पालन सभी ने किया। एसडीएम राजेश प्रसाद चौरसिया, सीओ रमेश चंद्र प्रलयंकर व कोतवाल के एन पाण्डेय जायजा ले रहे थे। कोतवाल के एन पाण्डेय ने बताया कि किसी भी मस्जिद में लोग नमाज पढने नहीं आए।